बेटी में बगल में सो रही थी…मां झूल गई फांसी के फंदे से
1 min read
गोरखपुर। इलाके के सेमरा खुर्द गांव में मंगलवार रात उर्मिला गौड़ (25) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि मौत से पहले उसने रूस कमाने गए पति को फोन किया था। दोनों में बहस होने के बाद उसने खुदकुशी करने की बात कही। पति ने तत्काल घरवालों को जानकारी दी। जब तक घरवाले कमरे में पहुंचे उर्मिला फंदे से लटक कर जान दे चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2023 में उर्मिला देवी की शादी बड़हलगंज क्षेत्र के नवलपुरा ग्राम पंचायत सेमरा खुर्द गांव निवासी अर्जुन गौड़ के साथ हुई थी। पति अर्जुन एक साल पूर्व कमाने के लिए रूस चला गया। उर्मिला की एक साल की एक बच्ची है, जिसको लेकर सास-ससुर के साथ वह घर पर रहती थी। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से पति से घर आने के लिए उर्मिला का विवाद हो रहा था।
मंगलवार रात में फोन पर बहस होने के बाद उर्मिला ने खुदकुशी की बात कही। इसके बाद फोन बंद कर अपने कमरे में चली गई। इसी बीच अर्जुन ने घर पर फोन कर जानकारी दी। जब तक उर्मिला के सास-ससुर कमरे में पहुंचे वह फंदा लगाकर जान दे चुकी थी।
बगल में उसकी बच्ची सो रही थी। इसके बाद घरवालों ने अर्जुन को फोन कर घटना की जानकारी दी। इधर, सूचना पर पुलिस के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने कहा कि आत्महत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है।
