आजमगढ़ : मेड इन बम्हौर’ लिखे पिस्टल से हुई थी गुलशन कुमार की हत्या
1 min read
फिर बम्हौर गांव में फिर पहुंचे हिन्दूवादी नेता
आजमगढ़। आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव में रविवार को विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय भारी काफिले के साथ पहुंचे। गांव में हाल ही में हुई एक आपराधिक घटना के पीड़ित परिवारों से उन्होंने मुलाकात की और घायल बच्चियों से बातचीत कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार को बुलाकर जांच और कार्रवाई की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष की तलाश में दबिश दी जा रही है। गोपाल राय ने गांव के ही कतवारू गोंड के घर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के स्थानीय कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने फोन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा से बात कर गांव में स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की। पुलिस कप्तान ने बताया कि अस्थायी चौकी की स्थापना की जा चुकी है। इस पर राय ने वहां बोर्ड लगाने का भी निर्देश दिया। राय ने कहा कि इस गांव का 27 साल पुराना इतिहास रहा है, जब यहां बनी पिस्टल से हिंदूवादी गायक गुलशन कुमार की हत्या की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में भी गांव में हिन्दू समुदाय का उत्पीड़न हो रहा है और पुलिस पीड़ितों की बात नहीं सुन रही।
गोपाल राय ने कहा कि हिंदू हो या मुसलमान, अगर कोई अपराधी है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह नहीं होना चाहिए कि यह हिन्दू है या यह मुसलमान है। हम सबको गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना चाहिए। कहा कि यह देश सबका है, सबको मिल-जुलकर रहना चाहिए। होली, ईद, बकरीद सभी त्योहार हम सब मिलकर मनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आगामी 15 दिनों में उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो वे जिला मुख्यालय पर धरना देंगे। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के राज में पलायन संभव नहीं है, कोई भी अपना पुश्तैनी घर छोड़कर जाना नहीं चाहता।अपराधियों की जाति या धर्म नहीं देखी जानी चाहिए, केवल अपराध को ही केंद्र में रखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि परिषद के कार्यालय को किसी भी उत्पीड़न की जानकारी मिलने पर सक्रिय सहायता दी जाएगी।
