आजमगढ़: मण्डलायुक्त ने की मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा, लंबित केसों के निस्तारण पर जोर
1 min read
आजमगढ़ : आजमगढ़ मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून व्यवस्था की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मण्डलायुक्त ने गंगा दशहरा, बकरीद और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही, आगामी त्योहारों जैसे मुहर्रम और सावन को भी कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गांजा/शराब तस्करों और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। बरदह थाने में एसएचओ पर हमले के आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया गया। बलिया में व्यापारी को गोली मारने वाले को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए गए। गैंगस्टर एक्ट के तहत आजमगढ़ जिलाधिकारी द्वारा माफियाओं की जमीन कुर्क की गई और बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर कार्रवाई की गई।
अपर निदेशक अभियोजन ने बताया कि गुण्डा एक्ट, भू-माफिया, हत्या और महिला अपराध के मामलों में प्रभावी पैरवी कर सजा दिलाई गई। कई अपराधियों को जिला बदर किया गया और निरुद्ध बंदियों के मामलों में सजा सुनिश्चित करने के लिए पैरवी जारी है।
मण्डलायुक्त ने डीआईजी को लंबित विवेचना केसों को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना, पुलिस अधीक्षक मऊ इला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ परीक्षित खटाना, मुख्य विकास अधिकारी मऊ प्रशान्त नागर, मुख्य विकास अधिकारी बलिया ओजस्वी राज सहित तीनों जनपदों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
