दिनदहाड़े भाजपा जिला उपाध्यक्ष के भाई की गोली मारकर हत्या
1 min read
विवाद के बाद आरोपी ने घर से असलहा लाकर मार दी गोली
चंदौली। शहर के वार्ड नंबर 7 में शनिवार सुबह गोलियों की गूंज से सनसनी फैल गई। भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्या के भाई और परचून दुकानदार संतोष मौर्या (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी जयप्रकाश जायसवाल ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे जयप्रकाश का संतोष के भाई संजय मौर्या से किसी बात पर विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर जयप्रकाश अपने घर गया, हथियार लिया और वापस लौटकर संतोष को गोली मार दी, जो बीच-बचाव करने आए थे। गंभीर रूप से घायल संतोष को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शहर में तनाव व्याप्त है। जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के घर में मातम पसरा है। थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति ने बताया कि आरोपी जयप्रकाश जायसवाल को हिरासत में ले लिया गया है। जयप्रकाश की दबंग प्रवृत्ति के बारे में बताया जा रहा है, जो अक्सर लोगों को धमकाता रहता था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
