नहाते समय कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, घर से कांवड़ देखने निकले थे
1 min read
अंबेडकरनगर। यूपी के अंबेडकरनगर में शनिवार की शाम कांवड़ यात्रा देखने निकले दो सगे भाई गर्मी के चलते नलकूप के पास बने कुएं में नहाने के लिए उतर गए। कुएं की गहराई अधिक होने पर दोनों डूब गए। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद सीएचसी, कटेहरी पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना कटेहरी थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव की है। गांव निवासी रणजीत के पुत्र अभिजीत (12) और शिवा (9) दोपहर 4.00 बजे के आसपास घर से निकले थे। उन्होंने घरवालों को बताया था कि वे कांवड़ यात्रा देखने जा रहे हैं। इसके बाद दोनों कुछ दोस्तों के साथ गांव के राजकीय नलकूप के पास स्थित कुएं में स्नान करने पहुंच गए। बच्चों का समूह नलकूप परिसर में खेल रहा था।
इसी बीच अभिजीत और शिवा नहाने के लिए कुएं में उतर गए। गहराई का अंदाजा न होने और तैराकी न आने के कारण छोटा डूबने लगा। उसने बचाव के लिए बड़े भाई को पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया। इस पर उसका गर्दन हाथ में आई तो उसने गर्दन पकड़ ली। इस पर बड़ा भाई भी डूबने लगा।
कुछ ही देर में दोनों डूब गए। साथी बच्चों ने देखा तो शोर मचाया। इस पर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों भाइयों को बाहर निकाला। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटेहरी लेकर पहुंचे। लेकिन, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
