आजमगढ़ : उचक्कों ने दिनदहाड़े सर्राफा की दुकान को बनाया निशाना, ग्राहकों के बीच बैठे फिर सोने का हार लेकर भागे
1 min read
आजमगढ़। जिले के माहुल नगर के खान चौक स्थित सर्राफा की दुकान से गुरुवार देर शाम उचक्के नौ ग्राम का सोने का हार लेकर भाग गए। सर्राफा कारोबारी ने इसकी सूचना माहुल चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
माहुल के सोमवारी बाजार निवासी रत्नेश सेठ की खान चौक पर सर्राफा की दुकान है। बृहस्पतिवार को एक युवक और एक महिला बिना नंबर की स्कूटी से दुकान पर पहुंचे। दोनों अन्य ग्राहकों के साथ बैठ गए। इसी दौरान रत्नेश एक महिला ग्राहक को हार दिखा रहे थे। तभी मौका पाकर उचक्के काउंटर पर रखा नौ ग्राम का सोने का हार चुरा कर स्कूटी से भाग गए। जब कारोबारी ने काउंटर से हार गायब देखा तो सीसीटीवी फुटेज खंगाला। उसमें पूरी वारदात कैद मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस उचक्कों की तलाश में जुट गई है।
