आजमगढ़: रेलवे स्टेशन पर तैनात RPF उप निरीक्षक का हार्ट अटैक से निधन
1 min read
आजमगढ़: स्थानीय रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के उप निरीक्षक लाल सिंह मीना (57) का गुरुवार सुबह हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। राजस्थान के दौसा जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के हल्दौना निवासी लाल सिंह मीना वर्ष 2022 से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर तैनात थे और स्टेशन पर बने सरकारी आवास में रहते थे।
गुरुवार तड़के उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने साथियों को सूचित किया। आनन-फानन में उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही उनके परिजन आजमगढ़ पहुंचे।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, आजमगढ़ पर लाल सिंह मीना को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को परिजनों के साथ उनके पैतृक गांव हल्दौना के लिए रवाना किया गया।
लाल सिंह मीना के निधन से RPF और रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर है।
