आजमगढ़ : सड़क हादसे में एक परिवार के छह सदस्य घायल
1 min readआजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसे में एक परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्हपार गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के कटिहार जनपद के कोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी 55 वर्षीय प्रवीण कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। उनके साथ कार में 50 वर्षीय पत्नी पूनम, 23 वर्षीय बेटा विनायक राज, 20 वर्षीय आदित्य राज, 20 वर्षीय सिद्धार्थ तोमर और चालक 45 वर्षीय पिंटू सवार थे।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कंधरापुर थाना क्षेत्र के दुल्हपार के पास सुबह तेज रफ्तार होने के कारण कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जाकर रुक गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद वाहन से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। स्थानीय लोग और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से मंडलीय जिला अस्पताल आजमगढ़ भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चालक पिंटू और कार मालिक प्रवीण कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
