आजमगढ़: पुलिस पर हमले की फरार महिला आरोपी गिरफ्तार
1 min read
Oplus_0
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में बीते 6 जून की रात एक विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। इस घटना में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमलावरों ने पीआरवी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घायलों में उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल विहंगल यादव, कांस्टेबल ललित सरोज, अनिल सरोज और वाल्मीकि निषाद शामिल थे। थानाध्यक्ष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई।
रविवार को उपनिरीक्षक गौरव सिंह (कोतवाली देवगांव) को मुखबिर से सूचना मिली कि हमले में शामिल फरार आरोपी फूलमती (पत्नी मनकू, निवासी बर्रा) अपने घर पर है। पुलिस टीम ने सुबह छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद थाना बरदह में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें बाद में थानाध्यक्ष के हाथ में फ्रैक्चर के कारण धारा 117(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। अन्य आरोपी जैसे शिवा राजभर, शुभम, विकास, सूरज, शिवमूरत और संगम पहले से फरार चल रहे हैं। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर रही है।
