Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में गोमांस तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

1 min read

आजमगढ़। जनपद के थाना जीयनपुर क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और गोमांस तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध असलहा, प्रतिबंधित मांस, नकदी और घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व से चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना जीयनपुर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दिनांक 19 दिसंबर को दोपहर लगभग 1:35 बजे केशवपुर स्थित वन विभाग कार्यालय के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अशहद पुत्र नौशाद, निवासी चांदपार, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, स्विफ्ट कार, लगभग 19 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस तथा 1400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गांव के सिवान और एकांत स्थानों में अवैध रूप से गोवंश का वध करता था। इसके बाद मांस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर चार पहिया वाहन से विभिन्न स्थानों पर चोरी-छिपे बेचता था। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह समय और स्थान बदल-बदलकर बिक्री करता था तथा नकद भुगतान लेता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना जीयनपुर में वर्ष 2024 में चोरी से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, उपनिरीक्षक अजय यादव सहित थाना जीयनपुर की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *