आजमगढ़ में यू0पी0 112 जन-जागरूकता अभियान, 06 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन
1 min read
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली यू0पी0 112 के प्रचार-प्रसार एवं आमजन को त्वरित और एकीकृत आपात सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में वर्तमान में 57 चार पहिया एवं 16 दो पहिया पीआरवी के माध्यम से सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
29 दिसंबर को पुलिस महानिदेशक यू0पी0 112, लखनऊ के निर्देश पर, पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के मार्गदर्शन में इस अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत 29 से 30 दिसंबर तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 06 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन को यू0पी0 112 के माध्यम से उपलब्ध पुलिस, फायर सर्विस, मेडिकल सर्विस, महिला पीआरवी, नाइट एस्कॉर्ट एवं सवेरा योजना जैसी सेवाओं की जानकारी देना तथा डायल 112 के प्रति जनविश्वास को सुदृढ़ करना है। “जन जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” थीम के माध्यम से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सुरक्षा का एहसास कराया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ थाना कोतवाली क्षेत्र के कलेक्ट्रेट चौराहा से हुआ, जिसका उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन द्वारा किया गया। नुक्कड़ नाटक एवं संवादात्मक सत्रों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा एवं आपात स्थिति में 112 के सही उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही एलईडी वैन द्वारा आपात सेवाओं से जुड़े संदेश भी प्रदर्शित किए गए। मुख्यालय यू0पी0 112 एवं जनपदीय टीम द्वारा आगामी दो दिनों में पहाड़पुर तिराहा, भंवरनाथ तिराहा, हाईडिल तिराहा, नरौली तिराहा एवं सठियांव चौराहा सहित अन्य स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान को सफल बनाने में निरीक्षक अभय राज मिश्रा (प्रभारी, यू0पी0 112, आजमगढ़) एवं निरीक्षक अमित कुमार शुक्ला (मुख्यालय, यू0पी0 112) सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
