आजमगढ़ : ट्रक की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत, बारात में आया था मृतक
1 min read

आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दशवंतपुर गांव के पास अहिरौला–कप्तानगंज मार्ग पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौला की ओर से कप्तानगंज जा रहा एक ट्रक सड़क किनारे मौजूद व्यक्ति की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पिछला टायर व्यक्ति के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नौबरार देवारा जदीद कीता प्रथम, थाना महाराजगंज निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने आया था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर कप्तानगंज थाना अध्यक्ष जय प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक के मालिक और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। परिजनों के अनुसार मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
