एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: एसएससी एमटीएस परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा
1 min read

लखनऊ। स्पेशल टास्क फोर्स मेरठ यूनिट और उत्तराखंड एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में एसएससी एमटीएस परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना कोतवाली, देहरादून में की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी निवासी देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा एसएससी की एमटीएस भर्ती परीक्षा के दौरान महादेव डिजिटल जोन, देहरादून केंद्र पर मास्टर कंप्यूटर के जरिए हैकिंग कर अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी। गिरोह ने लोकल नेटवर्किंग और प्रॉक्सी सर्वर सेटअप कर रिमोट एक्सेस के माध्यम से परीक्षा प्रणाली में हस्तक्षेप किया। मौके से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और इंटरनेट राउटर बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
