आजमगढ़ में भीषण हादसे, दो सगे भाइयों की मौत, चार घायल
1 min read

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। कानपुर से बाइक से घर लौट रहे सुमित गौड़ (25) और शुभम गौड़ पुत्र बुद्धू गौड़ निवासी बहरामपुर गांव, थाना पवई, आजमगढ़ की बाइक खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 134 किलोमीटर पर, जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। बताया गया कि दोनों भाई किसी कार्य से कानपुर गए थे और रविवार को वापस लौट रहे थे। रात के समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल वीर सिंहपुर स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। इसी एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पटना से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार हैरियर कार का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर चार पलटी खाते हुए डिवाइडर से टकरा गया। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 248 पर, अहिरौला थाना क्षेत्र में सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। कार में सवार पार्थ गौरव (38), उनकी पत्नी पल्लवी (32), छह माह का पुत्र और मां आभा (60) घायल हो गए। आभा देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मासूम बच्चे के सिर में चोट लगने से परिजन चिंतित हैं। पार्थ गौरव के हाथ की चार अंगुलियों में भी चोट आई है। सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार चारों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, आभा देवी आईसीयू में भर्ती हैं और बच्चे का सीटी स्कैन कराया गया है। बताया गया कि घायल परिवार आजमगढ़ शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी प्रभुनाथ अग्रवाल (किराना मर्चेंट) के रिश्तेदार हैं। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और उपचार में सहयोग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
