आजमगढ़: पुलिस मुठभेड़ में घायल 50 हजार के इनामी नसीम के दो फरार साथी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
1 min read

रानी की सराय (आजमगढ़)। थाना रानी की सराय पुलिस ने 25 फरवरी को हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे दो आरोपितों को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कोइलारी खुर्द तालाब के पास से भुटेली उर्फ करिया और वसीम को दबोच लिया। तलाशी के दौरान वसीम के पास से एक अदद देशी तमंचा .315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में थाना रानी की सराय पर मु0अ0सं0 44/2026 धारा 109(1)/351(3) बीएनएस के तहत नसीम उर्फ लम्बू, भुटेली उर्फ करिया व वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुठभेड़ में घायल 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर नसीम को उसी दिन गिरफ्तार कर जिला कारागार भेज दिया गया था, जबकि उसके दो साथी फरार चल रहे थे।
गुरुवार को व0उ0नि0 सुशील कुमार सिंह व उ0नि0 अमिताबचंद मय हमराही पुलिस बल क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त कोइलारी खुर्द तालाब के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को सुबह करीब 9:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान वसीम के पास से अवैध तमंचा व कारतूस मिलने पर उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 49/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार भेजा जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। भुटेली पर गोवध अधिनियम व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वसीम पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले पंजीकृत हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उ0नि0 सुशील कुमार, उ0नि0 अमिताबचंद, का0 सर्वेश कुमार, का0 रमेश कुमार, का0 आलोक कुमार व हे0का0 रविचंद शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
