Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

1 min read

आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना अहरौला क्षेत्र के सूक्खीपुर गांव निवासी समीर (20) पुत्र नसीम और आकिब (19) पुत्र नसीर अहमद बाइक से अपने परीक्षा केंद्र जा रहे थे। जैसे ही वे इब्राहिमपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं आकिब की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल में कक्षा 10 के छात्र थे। उनका परीक्षा केंद्र जनता इंटर कॉलेज अम्बारी में निर्धारित था। शुक्रवार को हाईस्कूल की गणित की परीक्षा देने के लिए दोनों घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए। मृतक समीर अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और उसकी एक बहन है। उसके पिता सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *