Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निशाना बनाने वाला गिरोह के चार शातिर गिरफ्तार, 1.60 लाख नकद व जेवर बरामद

1 min read

आजमगढ़। जीआरपी आजमगढ़ ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से यात्रियों को निशाना बनाने वाले चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,60,000 रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने ट्रेन में सफर कर रही महिला यात्री के बैग से मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात व नगदी चोरी करने की वारदात भी कबूल की है।

रेलवे पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सर्किल बलिया के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन आजमगढ़ पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 के पूर्वी छोर पर लगे साइन बोर्ड के पास कुछ लोग यात्रियों को सस्ते दामों में सोने के आभूषण बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपियों—

नदीम शाह उर्फ चिंटू (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर),

नसरुद्दीन शाह (निवासी बीबीगंज, थाना दीदारगंज),

मो. अजीम (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर) तथा

हरिशचंद्र कुमार (निवासी दामोदरपुर, थाना मुबारकपुर) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 1,60,000 रुपये नकद, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी छोटी बाली तथा एक नथुनी बरामद हुई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 3,25,000 रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों में घूमकर उन बैगों को निशाना बनाते थे जिनमें ताला या लॉक लगा होता था। मौका पाकर बैग की चेन ब्लेड से काटकर उसमें रखे कीमती सामान को चोरी कर लेते थे और अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे। चोरी के जेवरात राह चलते लोगों को बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे। आरोपियों ने 21 फरवरी 2026 को शाहगंज–बलिया पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री के बैग से एक बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, एक हार, एक बड़ा झुमका, तीन अंगूठियां, एक पायल, एक छोटी बाली, एक नथुनी व 28 हजार रुपये नकद चोरी करने की बात कबूली। इनमें से कुछ जेवरात वे पहले ही बेच चुके थे, जबकि शेष बेचने की फिराक में थे। इस संबंध में थाना जीआरपी आजमगढ़ में धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से रेलवे क्षेत्र में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *