आजमगढ़ : बिजली बिल जमा कराने के नाम पर लाखों की ठगी, एजेंट के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
1 min read

आजमगढ़। बिजली बिल जमा कराने के नाम पर उपभोक्ताओं से धनराशि लेकर फर्जी रसीद जारी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भंवरनाथ एवं एलटी उपकेंद्र बदरका पर तैनात अवर अभियंता दिलीप कुमार की तहरीर पर कोतवाली, आजमगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के अनुसार मेसर्स फिल्टेक कलेक्शन एजेंसी के एजेंट राहुल राय पुत्र राजेश राय, निवासी मिश्री बाजार, जनपद गाजीपुर द्वारा बदरका कैश काउंटर पर उपभोक्ताओं का बिजली बिल जमा किया जा रहा था। आरोप है कि एजेंट ने कई उपभोक्ताओं से बिल जमा करने के नाम पर नकद धनराशि प्राप्त की, लेकिन विभागीय खाते में जमा करने के बजाय उन्हें फर्जी रसीद थमा दी। प्राप्त सूची के अनुसार शवन अहमद, अनीस अहमद, शुमन, सरस्वती वर्मा, सोहराब अहमद, मोहम्मद अलीम, मालती, मोहम्मद अजमल, जय प्रकाश, चन्द्रमान, बलिराम, कैलाश सिंह सहित कई उपभोक्ताओं से अलग-अलग तिथियों में हजारों रुपये की वसूली की गई। कुछ मामलों में एक ही उपभोक्ता से दो बार धनराशि लेने का भी उल्लेख है। कुल मिलाकर अब तक संज्ञान में आई धनराशि हजारों में बताई जा रही है, जबकि अन्य पीड़ितों की संख्या और रकम बढ़ने की आशंका है। अवर अभियंता ने आरोप लगाया है कि इस कृत्य से विभागीय राजस्व को क्षति पहुंची है तथा विभाग की छवि धूमिल हुई है। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
