Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ में 2.87 करोड़ की जमीन ठगी का आरोपी गैंगेस्टर व भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय गिरफ्तार, पत्नी-पुत्र भी गैंग में शामिल, कई थानों में पहले से दर्ज हैं दर्जनभर से अधिक मुकदमे

1 min read

आजमगढ़। जनपद पुलिस ने जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए गैंगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित राजस्व अभिलेख तैयार कर लोगों को झांसे में लेकर अब तक लगभग 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के मधुबन निवासी रूद्रान्श राय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्णचन्द्र राय ने वर्ष 2023 में कोडर अजमतपुर स्थित जमीन बेचने का प्रस्ताव देकर उन्हें अपने झांसे में लिया। अभियुक्त ने कथित जमीन मालिकों से मुलाकात कराते हुए जमीन को विवाद-मुक्त बताया और 10 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से सौदा तय कराया। इस दौरान विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से 33.30 लाख रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए गए। बाद में जमीन का पूरा एग्रीमेंट नहीं हुआ और कब्जा भी नहीं दिया गया। जांच करने पर पता चला कि दिखाई गई जमीन का बड़ा हिस्सा बंजर भूमि है तथा कई गाटा संख्या उस स्थान से संबंधित ही नहीं हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों ने राजस्व निरीक्षक व तहसीलदार की फर्जी मुहर व हस्ताक्षर लगाकर नकली नक्शा-नजरी तैयार की थी। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने परिजनों और अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीन का फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर लोगों से मोटी रकम लेने और बाद में टालमटोल कर पैसा हड़पने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में जालसाजी, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और विवेचना के दौरान ठगी की अन्य घटनाओं की भी जांच की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *