आजमगढ़ : युवक का अपहरण कर बेल्ट से पीटा, तमंचा दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप
1 min read

आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बहन को परीक्षा दिलाने गए एक युवक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है, हालांकि अभी तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र निवासी शिवम यादव पुत्र सुरेंद्र यादव 7 मार्च को अपनी बहन को परीक्षा दिलाने के लिए स्कूल गए थे। बहन को स्कूल के अंदर छोड़ने के बाद वह बाहर सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठा हुआ था। इसी दौरान दो से तीन युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने लगे। पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया और जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक पुलिया के पास ले जाकर बेल्ट से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने असलहा दिखाते हुए धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद पीड़ित शिवम यादव ने रविवार को पुलिस को शिकायती पत्र देकर मुकुल पांडे, टोनी शर्मा, शिवम यादव, आदित्य यादव तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
