आजमगढ़ : नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार, पैसे मांगने पर कर रहे थे टालमटोल
1 min read

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर निवासी कन्हैया यादव ने 5 मार्च 2026 को थाने में शिकायत दी थी कि महाजी सिंगवारा निवासी परमानन्द यादव और रामानन्द यादव ने करीब तीन वर्ष पहले उनके पुत्र रणधीर यादव उर्फ मिंटू यादव को सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये ले लिए थे। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने और रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अतरौलिया थाने में मुकदमा संख्या 0083/26 धारा 406 के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 467 और 468 भी बढ़ाई गई। पुलिस टीम ने 9 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपी परमानन्द यादव को गायत्री नगर रेलवे स्टेशन के पास से सुबह करीब 9:30 बजे गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उसके भाई रामानन्द यादव को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के फुलवरिया क्षेत्र से दोपहर करीब 12:10 बजे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में अतरौलिया और महराजगंज थाने के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
