आजमगढ़ : अधिवक्ता के मकान की दीवार गिराने से नाराज वकीलों का प्रदर्शन, पूरे दिन न्यायिक कार्य से रहे विरत
1 min read

आजमगढ़। जनपद में गुंडा टैक्स न देने पर अधिवक्ता के निमार्णाधीन मकान की दीवार गिराए जाने की घटना से नाराज दीवानी कचहरी के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान नाराज अधिवक्ताओं ने गिरजाघर चौराहे पर करीब आधे घंटे तक चक्का जाम भी किया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। इस संबंध में दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने की, जबकि संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित एडवोकेट ने किया। बैठक में सिधारी थाना क्षेत्र के रामपुर माफी गांव निवासी अधिवक्ता हरिनारायण पांडे से दो लाख रुपये गुंडा टैक्स मांगे जाने और टैक्स न देने पर उनके निमार्णाधीन मकान की दीवार गिरा देने की घटना की कड़ी निंदा की गई। अधिवक्ताओं ने इसे कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गिरजाघर चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाल यादवेन्द्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से बातचीत की। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन में अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष दयाराम यादव, ओम प्रकाश मिश्रा, पूर्व मंत्री अनिल कुमार सिंह, अरूणेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्बन, अशोक कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
