आजमगढ़ : जीएसटी चोरी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 2 लाख नकद बरामद
1 min read

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जीएसटी चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को बिहार के मोतिहारी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से दो लाख रुपये नकद और कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राजेश कुमार पुत्र राजहरन राय (46 वर्ष) निवासी वार्ड संख्या 2 झिटकहिया, थाना आदापुर, जिला पूर्वी चम्पारण (बिहार) है। उसे 10 मार्च 2026 को साइबर सेल और कंधरापुर पुलिस की टीम ने मां अम्बे स्क्रेप मार्ट, अवधेश चौक मोतिहारी से गिरफ्तार किया। हालांकि मौके पर मौजूद एक अन्य आरोपी मधुसूदन जायसवाल भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से टैक्स इनवॉयस से संबंधित रजिस्टर, 2 लाख रुपये नकद, एक ओप्पो मोबाइल फोन, एक अन्य रजिस्टर और 70 टैक्स इनवॉयस बरामद किए गए। इस मामले का खुलासा 3 सितंबर 2025 को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान हुआ था, जब राज्यकर सचल दल और पुलिस की संयुक्त जांच में पाया गया कि अस्तित्वहीन और फर्जी फर्मों के नाम पर कूटरचित इनवॉयस व ई-वे बिल बनाकर माल का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जांच में विद्या ट्रेडर्स रायपुर (छत्तीसगढ़) और अविराज ट्रेडिंग शिमला (हिमाचल प्रदेश) समेत अन्य लोगों द्वारा फर्जी जीएसटी पंजीकरण के जरिए संगठित रूप से कर चोरी करने की बात सामने आई थी। इस संबंध में थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 285/25 धारा 3(5), 318(4), 111, 336(3), 338, 339, 340(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही तीन अन्य अभियुक्तों—वेदवीर, विजय कुमार यादव और अविराज शर्मा—को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मधुसूदन जायसवाल अभी फरार है। एसएसपी आजमगढ़ ने इस मामले में अभियुक्त की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली विवेचना टीम और साइबर सेल के पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
