उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के वायरल प्रश्नपत्र पर पुलिस भर्ती बोर्ड की चेतावनी, कहा- ये भ्रामक और फर्जी
1 min read

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर वायरल हो रहे कथित उपनिरीक्षक परीक्षा के प्रश्नपत्र को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी बताया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वायरल किया जा रहा यह प्रश्नपत्र आयोजित उपनिरीक्षक परीक्षा से किसी भी प्रकार से संबंधित नहीं है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए अभ्यर्थियों और आम जनता से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक सूचनाओं के झांसे में न आएं और केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी प्रश्नपत्र फैलाकर अभ्यर्थियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। बोर्ड ने यह भी बताया कि इस फर्जी प्रश्नपत्र को वायरल करने वाले विभिन्न प्लेटफॉर्म और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए बोर्ड पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी अभ्यर्थी को इस तरह की भ्रामक जानकारी मिलती है तो वह उसे आगे साझा करने से बचे और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दे।
