Latest News

The News Complete in Website

आज़मगढ़ : कार चलाना सीख रही महिला ने छात्र को रौंदा, मौत, साथी घायल

1 min read

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा नौ के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दामोदरपुर अंडरपास के पास उस समय हुआ जब एक महिला अपने पति के साथ कार चलाना सीख रही थी और उसने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार मुबारकपुर कस्बा के शिवकुटी नूरपुर बुतात मोहल्ला निवासी 16 वर्षीय शिवा पटवा पुत्र राजीव पटवा कक्षा नौ का छात्र था। वह शुक्रवार दोपहर अपने मोहल्ले के साथी 20 वर्षीय आदित्य मौर्य उर्फ शनि मौर्य के साथ बाइक से दामोदरपुर गांव गन्ने का जूस पीने गया था। जूस लेकर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से होते हुए जब दोनों दामोदरपुर गांव के पास बने अंडरपास के करीब पहुंचे, उसी दौरान एक महिला अपने पति के साथ कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद महिला का पति दोनों घायलों को उसी कार से शहर के सिधारी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने शिवा पटवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदित्य मौर्य का इलाज चल रहा है। इसके बाद कार चालक दोनों घायलों को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शिवा पटवा पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर था। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर भर्ती न लेने का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने हंगामा भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर शांत कराया। लोहरा पुलिस चौकी की पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *