आजमगढ़ जिला अस्पताल में वृद्ध महिला से कथित दुर्व्यवहार मामले में सुरक्षा गार्ड को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटाया गया
1 min read

आजमगढ़। मंडलीय जिला चिकित्सालय में एक वृद्ध महिला मरीज एवं उसके परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के संज्ञान में आने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या–26 में उपचार के लिए आई एक वृद्ध महिला मरीज से संबंधित है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए प्रमुख अधीक्षक, मंडलीय जिला चिकित्सालय द्वारा एक जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। इसी बीच अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड केदार सिंह (पूर्व सैनिक) पर ड्यूटी के दौरान कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने का आरोप सामने आया है। मामले की जांच पूरी होने तक उन्हें तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है तथा उनके स्थान पर अन्य सुरक्षा कर्मी की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वर्मा ने स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दुर्व्यवहार की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे प्रकरण की सूचना शासन और उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को आश्वस्त किया है कि शासन की मंशानुसार गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।
