आजमगढ़ : महिला चालक की गिरफ्तारी न होने पर शव रखकर सड़क जाम, मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन
1 min read

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर शिवा पटवा पुत्र राजू पटवा निवासी मुबारकपुर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित महिला चालक द्वारा चलाए जा रहे चार पहिया वाहन की टक्कर से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए ग्लोबल हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों और रिश्तेदारों ने मुख्य वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार सुबह सठियांव–मुबारकपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशि मौलि पांडेय और सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार देर रात शव घर पहुंचने के बाद भी परिजन आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
शनिवार सुबह परिजनों ने फिर से शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। कुछ ही देर बाद पुलिस ने वाहन चालक गुड़िया यादव पत्नी सोनू यादव निवासी नीबी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जाम कर रहे लोगों को दी गई।इसके बाद परिजन जाम समाप्त करने के लिए तैयार हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए दोहरीघाट रवाना किया गया। शव के रवाना होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि मृतक शिवा पटवा पांच भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर था। किशोर की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
