आजमगढ़ : जाफरपुर में 16 मार्च को होगा भव्य होली मिलन समारोह
1 min read
‘प्रवीण सिंह की मंडई’ में सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने के लिए जुटेंगे जनपद भर के लोग
आजमगढ़। प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के प्रतीक फागुनोत्सव होली के अवसर पर 16 मार्च दिन सोमवार को सायं जाफरपुर स्थित ‘प्रवीण सिंह की मंडई’ में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, नेता और आम नागरिक एकत्र होकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश देंगे। कार्यक्रम के आयोजक डीएवी कॉलेज छात्रसंघ के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि यह होली मिलन समारोह समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और नफरत की खाई को पाटने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सभी लोग दलों और विचारों की सीमाओं से ऊपर उठकर गुलाब के फूलों और गुलाल के साथ होली खेलेंगे तथा एक-दूसरे को बधाई देंगे। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व मानवता को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। फागुनोत्सव का यह अवसर भगवान कृष्ण और राधा रानी के पावन प्रेम की भी याद दिलाता है, जो समाज को एकता और प्रेम का मार्ग दिखाता है।
युवा नेता प्रवीण सिंह ने जनपदवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर राग-द्वेष और नफरत की मानवजनित दीवारों को गिराएं तथा समाज में प्रेम और सद्भाव का नया संदेश दें।
