घर में घुसा ट्रेलर…महिला की मौत, चालक को बनाया बंधक, पांच घंटे मार्ग जाम; समझाने में पुलिस के छूटे पसीने
1 min read

गाजीपुर। गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा गांव के हनुमान मंदिर के पास अनियंत्रित और तेज रफ्तार एक ट्रेलर घर में घुसा। हादसे में पशुओं को चारा देने जा रही इंदू देवी (25) की कुचलकर मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को बंधक बनाने के साथ भोर चार बजे एनएच 124 सी को जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गई। गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने किसी तरह लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मांगों को लेकर ग्रामीण डटे रहे। इंदु देवी प्रतिदिन की तरह सुबह पशुओं के लिए चारा लेकर जा रही थीं। इसी दौरान गाजीपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर घर में जा घुसा, जिससे इंदु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दरवाजे के पास खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई है, चालक को ग्रामीणों ने ट्रेलर में ही बंधक बना लिया। हादसे की जानकारी होने पर सीओ जमानियां अनिल कुमार और तहसीलदार सुनील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक काफी समझाने के बावजूद जाम समाप्त नहीं हुआ। आक्रोशित लोगों ने बताया कि आए दिन ट्रेलर चालक तेज गति से चलते हुए लोगों को कुचल रहे हैं और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
बताया कि अभी कुछ दिन पूर्व ही घर जा रहे एक युवक को ट्रेलर ने कुचल दिया था, जिससे वह अभी भी वाराणसी की एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। लगातार मांग के बावजूद भी प्रशासन के द्वारा यहां स्पीड ब्रेकर नहीं बनवाया जा रहा है, जिससे घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। जमानिया सीओ अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
