Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने पर 5 पुलिसकर्मियों को एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

1 min read

आजमगढ़। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान आजमगढ़ पुलिस ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए एक महिला अभ्यर्थी को समय से उसके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया। इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पांच पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली में कुमारी रूक्मनी पुत्री केशव लाल का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव थाना मुबारकपुर में निर्धारित था। लेकिन असमंजस के कारण वह गलती से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रैदोपुर, थाना कोतवाली आजमगढ़ पहुंच गईं। वहां मौजूद यूपी-112 के प्रभारी अभय राज मिश्रा ने स्थिति को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने मौके पर तैनात पीआरवी-5385 थाना कोतवाली की टीम को निर्देशित कर महिला अभ्यर्थी को समय रहते उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण अभ्यर्थी समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी। पुलिस के इस मानवीय सहयोग के लिए महिला अभ्यर्थी ने आजमगढ़ पुलिस की सराहना की। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए सोमवार को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने यूपी-112 प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में प्रभारी निरीक्षक डायल-112 अभय राज मिश्रा, मुख्य आरक्षी राज किशोर सिंह, महिला आरक्षी रेनु कुमारी, महिला आरक्षी अनिता देवी और आरक्षी चालक विनोद यादव शामिल रहे। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह भी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *