आजमगढ़ : जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित दीपक यादव, निवासी नौबरार त्रिपुरार खालसा थाना महराजगंज, बिलरियागंज में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। आरोप है कि रौनापार थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग तिथियों में 15 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए, जबकि 13 लाख रुपये नगद मेडिकल स्टोर पर ही ले लिए। कुल 28 लाख रुपये देने के बाद जब दीपक यादव रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि संबंधित जमीन पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम पंजीकृत हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने बिलरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में विजय यादव, सचिन यादव, राजपाल यादव और सच्चिदानंद के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसी क्रम में पुलिस ने वांछित आरोपी विजय यादव (55) पुत्र स्वर्गीय महेश यादव, निवासी परेवा रुद्रपुर थाना रौनापार को रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील दुबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
