आजमगढ़ : कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, आरोपी चालक फरार
1 min read

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जैगहां से बिंदवल जयराजपुर मार्ग पर हरिपुर प्राथमिक विद्यालय के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार और पल्सर बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैगहां की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बिंदवल की तरफ से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। हादसे में मृतकों की पहचान सत्यम (18) पुत्र शिवधर और सूरज (19) पुत्र ज्ञान प्रकाश, निवासी जगमलपुर थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद फरार अर्टिगा कार और उसके चालक की तलाश जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
