Latest News

The News Complete in Website

आज़मगढ़ : ऑटो चालक को मारी गोली…घायल, ग्रामीणों की भीड़ देख भाग निकला आरोपी

1 min read

आजमगढ़। आजमगढ़ के तरवां थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में रविवार शाम एक ऑटो चालक पर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सिंहपुर गांव निवासी श्याम नरायन मौर्या रविवार को अपनी ऑटो से चकिया बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोक लिया और आरोप लगाने लगा कि वह उसका पीछा कर रहे हैं। इस पर श्याम नरायन ने स्पष्ट किया कि वह अपने काम से घर जा रहे हैं और किसी का पीछा नहीं कर रहे। इसके बाद वह वहां से आगे बढ़ गए। आरोप है कि शाम करीब छह बजे जब श्याम नरायन सिंहपुर ग्राम सभा स्थित मस्जिद के पास सतीश दूबे के घर के समीप पहुंचे, तभी गांव का ही रमेश यादव उर्फ अनार यादव मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। उसने कथित रूप से तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बचाव करने के दौरान गोली श्याम नरायन के बाएं हाथ में कंधे के नीचे जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अपने साथ लेकर थाने गई, जहां से उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल श्याम नरायन मौर्या ने थाना तरवां में आरोपी रमेश यादव के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *