आज़मगढ़ : फर्जी दस्तावेजों से मलेशिया की नागरिकता लेने वाला आरोपी गिरफ्तार
1 min read

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने फर्जी दस्तावेजों के सहारे न केवल मलेशिया की नागरिकता हासिल की, बल्कि भारत में मतदाता बनकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठाता रहा। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सुराई निवासी मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस पुत्र अली रजा ने कूट रचित दस्तावेजों का सहारा लेकर अपना नाम और पहचान बदल ली थी। उसने “मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाग शाह” नाम से मलेशिया की नागरिकता प्राप्त कर पासपोर्ट बनवाया। इतना ही नहीं, उसने प्रवासी भारतीय (ओसीआई) कार्ड भी हासिल कर लिया था, जो विदेशी नागरिकों को भारत में सीमित अधिकार प्रदान करता है।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ओसीआई कार्ड धारक होने के बावजूद आरोपी का नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज था। वह भारतीय नागरिक के रूप में न केवल मतदान सूची में शामिल रहा, बल्कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी लेता रहा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान भी आरोपी ने मतदाता के रूप में फार्म भरकर अपनी वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया।
मामले की जानकारी मिलने पर थाना निजामाबाद में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया। आरोपी अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा, जहां पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब और आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 71/26 के तहत धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338, 340 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक राज नारायण पाण्डेय, चौकी इंचार्ज रसीदगंज, थाना निजामाबाद की टीम द्वारा की गई।
फिलहाल पुलिस इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी द्वारा उपयोग किए गए दस्तावेजों, नागरिकता प्राप्ति की प्रक्रिया और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस तरह के फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
