आजमगढ़ : प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, धार्मिक ग्रन्थ सहित तीन मोबाइल फोन बरामद
1 min read

आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने चार अभियुक्तों और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 25 मार्च की सुबह मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को वादी ने थाना रौनापार में सूचना दी थी कि ग्राम अराजी नौबरार करखिया किता प्रथम निवियहवा स्थित रामकिशुन के घर पर सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोग उपस्थित ग्रामीणों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 67/26 के तहत धारा 5(1)/3 उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान 25 मार्च की सुबह करीब 7:15 बजे उपनिरीक्षक रमेश कुमार और उपनिरीक्षक रामविलास प्रसाद अपनी पुलिस टीम के साथ पचपुलिया इस्माईलपुर के पास पहुंचे, जहां से पांचों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामकिशुन (74 वर्ष) निवासी अराजी नौबरार करखिया, महेन्द्र प्रजापति (45 वर्ष) और उनकी पत्नी बिन्दू प्रजापति (38 वर्ष) निवासी कासिमपुर जिगनी, थाना सिकरीगंज जनपद गोरखपुर, अनिरुद्ध पटेल (42 वर्ष) निवासी कोलवा तथा अक्षय कुमार (25 वर्ष) निवासी बड़ा गोड़ियाना शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पवित्र बाइबिल, एक धार्मिक शास्त्र, एक नोटबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, उपनिरीक्षक रामविलास प्रसाद, कांस्टेबल विकास कुमार, चन्दन गौड़, जयप्रकाश वर्मा और महिला आरक्षी प्रथमा शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
