Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : मुठभेड़ में पुलिस की गोली के शिकार हुए दो शातिर बदमाश, कारतूस व लूटी गई चैन बरामद; एक आरोपी फरार

1 min read

आजमगढ़। जनपद के थाना कन्धरापुर क्षेत्र में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूटी गई सोने की चैन बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय थे और आजमगढ़ समेत आसपास के जिलों में चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। घटना की शुरुआत 26 मार्च 2026 को हुई, जब एक महिला ने थाना कन्धरापुर में शिकायत दर्ज कराई कि भंवरनाथ मंदिर से लौटते समय बिजौरा कॉलोनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसके गले से सोने की चैन छीन ली। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात में शामिल आरोपी शातिर अपराधी हैं, जो विभिन्न जनपदों में सक्रिय रहकर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। 30 मार्च की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से किशुनदासपुर से कम्हेनपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चन्द्रमा ऋषि आश्रम के पास पुलिया पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अपने फरार साथी छोटू सिंह के साथ मिलकर विभिन्न जनपदों में छिनैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने 26 मार्च को भंवरनाथ क्षेत्र में महिला से चैन छीनने की वारदात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी फिर से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), मिस व खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल और लूटी गई चैन बरामद की है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *