आजमगढ़: 8.4 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
1 min read
आजमगढ़। जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.4 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब ₹1 लाख बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना दीदारगंज पुलिस, सर्विलांस टीम और विशेष टीम की संयुक्त मेहनत से संभव हो सकी।पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक अवधेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि महुआरा खुर्द नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति नीले बैग में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह की मौजूदगी में जब तलाशी ली गई तो आरोपी के बैग से तीन बंडल में कुल 8.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान उपेन्द्र कुमार (30 वर्ष), निवासी धौरीमदालपुर थाना मसरख, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दीदारगंज में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश, विशेष चोरी अनावरण टीम, सर्विलांस टीम सहित थाना दीदारगंज के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
