Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ में पुलिस उत्पीड़न के आरोप, कांग्रेस नेता ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

1 min read

थानों में आम जनता से दुर्व्यवहार बढ़ने का आरोप, लोगों में आक्रोश

आजमगढ़। जनपद में बढ़ते पुलिस उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के विभिन्न थानों में आम जनता के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि कोई पीड़ित थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराने जाता है, तो उसके साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जाता है, जो विधि के विरुद्ध है। उन्होंने गंभीरपुर थाने का उदाहरण देते हुए बताया कि एक पीड़ित को अराजक तत्वों द्वारा मारपीट कर घायल कर दिया गया था। पीड़ित जब खून से लथपथ अवस्था में थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, तो आरोप है कि उसकी रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय आरोपियों की ओर से उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। ज्ञापन के अनुसार, पीड़ित को थाने में बैठाकर कथित रूप से प्रताड़ित भी किया गया। इस मामले में जब प्रवीण कुमार सिंह ने थानाध्यक्ष से फोन पर बात की, तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि “यदि कोई किसी को मारेगा तो उसका प्रतिकार होगा ही।” इस बयान को उन्होंने गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि दंड देने का अधिकार केवल न्यायालय को है, न कि किसी व्यक्ति या पुलिस को। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *