आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी गैंगस्टर चढ़ा एसटीएफ के हत्थे, कई गंभीर मामलों में रहा है लिप्त
1 min read
लखनऊ/आजमगढ़। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त राहुल यादव को एसटीएफ ने हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। एसटीएफ के अनुसार, थाना देवगांव, जनपद आजमगढ़ में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में राहुल यादव वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 1 अप्रैल 2026 को एसटीएफ की टीम ने सूचना के आधार पर फरीदाबाद स्थित डीएलएफ क्राइम ब्रांच के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में की गई। उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 से लूट, चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। उसने आजमगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपने गिरोह के साथ कई वारदातों को अंजाम दिया था और पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, देवगांव क्षेत्र में वर्ष 2018 में हुई लूट और चोरी की घटनाओं के चलते उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि राहुल यादव फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।
