Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : जनपद में वीवीआईपी आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने प्रशासनिक टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण 

1 min read

आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत कंधरापुर के मिरिया स्थित (पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप) श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के दुग्ध अवशीतन केंद्र का लोकार्पण व विशाल जनसभा आगामी 06 अप्रैल 2026 को वीवीआईपी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने प्रशासनिक टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण व बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर वीवीआईपी आगमन को देखते हुए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर, मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, हेलीपैड, अस्थायी मार्ग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि वीवीआईपी द्वारा दुग्ध अवशीतन केंद्र के शुभारंभ के उपरांत कार्यक्रम स्थल के समीप ही आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा तथा लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं अन्य सामग्री का वितरण किया जाएगा।

निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय कीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, वीवीआईपी आवागमन मार्ग, हेलीपैड की तैयारियों तथा मंच व सभा स्थल की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा,वित्त राजस्व गंभीर सिंह,मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, एसपी सिटी मधुबन सिंह, डीडीओ संजय सिंह, डीसी मनरेगा/एनआरएलएम राम उदरेज, पीडी डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद, संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी,खंड विकास अधिकारी व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *