Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : बारजा निकालने को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाइयों ने चाकू मारकर की हत्या

1 min read

आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र स्थित चक कटात गांव में बारजा निकालने को लेकर चला आ रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद चचेरे भाइयों के बीच हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, मोहन राम पुत्र पलटन राम और उसके पटीदारों के बीच लंबे समय से बारजा निकालने को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार शाम इसी मुद्दे पर मोहन राम और उसके चचेरे भाई विजेंद्र राम पुत्र लौटन राम के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर मोहन राम ने विजेंद्र पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश कुमार पाण्डेय और मेंहनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हो चुका था, जिसे उस समय सुलझा लिया गया था, लेकिन पुरानी रंजिश एक बार फिर भड़क उठी और इस बार उसने जानलेवा रूप ले लिया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *