आजमगढ़ : 24 घंटे में गुमशुदा किशोर बरामद, वाराणसी से सकुशल मिला अंश; नाराज होकर खुद चला गया था किशोर
1 min read
आजमगढ़। जनपद के थाना निजामाबाद क्षेत्र में गुमशुदा हुए किशोर को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते किशोर को वाराणसी से सुरक्षित लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, संजय चौरसिया निवासी ग्राम वैराडीह थाना गम्भीरपुर ने 11 अप्रैल 2026 को थाना निजामाबाद में सूचना दी कि 7 अप्रैल को वह अपने भाई के दो बेटों गणेश (14 वर्ष) और अंश (15 वर्ष) के साथ तहसील निजामाबाद आए थे। तहसील परिसर के बाहर दोनों बच्चों को बैठाकर वह अंदर चले गए। वापस लौटने पर अंश वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि किशोर अंश वाराणसी में है और उसने किसी व्यक्ति के मोबाइल से घर संपर्क करने की कोशिश की थी। मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया और जानकारी मिली कि किशोर थाना जैतपुरा क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद निजामाबाद पुलिस ने वाराणसी पुलिस से समन्वय स्थापित कर किशोर को थाने बुलवाया। उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल व पुलिस टीम वाराणसी पहुंची और अंश को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि परिजनों द्वारा मोबाइल फोन वापस लेने से नाराज होकर वह बिना बताए वाराणसी चला गया था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
