आजमगढ़ : दीनदयाल उपाध्याय योजना में फर्जी टेंडर का आरोप, सभासद प्रतिनिधि ने डीएम से की जांच की मांग
1 min read
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड संख्या 02 सिविल लाइन की सभासद अंजली सोनकर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कुछ कार्यों के फर्जी टेंडर कराने का गंभीर आरोप लगाया है। सभासद प्रतिनिधि संतोष सोनकर कहना है कि उन्हें जानकारी मिली कि कुछ दबंग ठेकेदारों द्वारा योजना के अंतर्गत ऐसे स्थानों पर टेंडर कराए जा रहे हैं, जहां पहले से ही इंटरलॉकिंग कार्य सही स्थिति में मौजूद है और वहां दोबारा निर्माण की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके बावजूद नए कार्यों की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। उन्होंने बताया कि खुद मौके पर जांच करने पर पाया गया कि संबंधित स्थानों पर पहले से कार्य ठीक हालत में है। ऐसे में पुनः कार्य कराना पूरी तरह अनावश्यक और संदिग्ध प्रतीत होता है। सभासद अंजली सोनकर ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके।
