समधी के प्यार में अंधी हुई समधन: खेत में लहसुन की रखवाली कर रहे पति की गला घोंटकर हत्या, मोबाइल ने खोला राज
1 min read
धनारी (संभल)। यूपी के संभल स्थित धनारी थाना क्षेत्र के गांव भिरावटी में बुधवार को खेत पर मिले नरेश (45) के शव के मामले का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, नरेश की पत्नी शीला के अपने समधी से प्रेम संबंध थे। इसकी भनक लगने पर दोनों ने गमछे से गला कसकर नरेश की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस लाइन में एसएसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि गांव भिरावटी निवासी किसान नरेश (45) मंगलवार की रात खेल पर लहसुन की रखवाली कर रहा था। बुधवार की सुबह चार बजे तक जब घर नहीं पहुंचा तो पत्नी ने अपने जेठ मदनपाल को देखने के लिए खेत पर भेजा। खेत पर नरेश मृत पड़ा था। गले में गमछा कसा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबा कर हत्या की पुष्टि हुई है। सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने जब छानबीन की तो मृतक की पत्नी और उसके समधी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की लगातार मोबाइल पर बातचीत होती थी। सख्ती से पूछताछ करने पर नरेश हत्याकांड का खुलासा हो गया।
