Latest News

The News Complete in Website

आज़मगढ़ : चलती बस बनी आग का गोला: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा, चालक-यात्रियों ने ऐसे बचाई अपनी जान; पहुंची पुलिस

1 min read

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब सवा दो बजे माइल स्टोन 188.6 के पास सहेला गांव के निकट हुई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण संदीप अग्रहरि और रितेश सिंह के अनुसार, बस जैसे ही सहेला गांव के पास पहुंची, उसमें अचानक धुआं उठने लगा। यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना चालक को दी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। इसके बाद उसने तेजी से सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया।यात्रियों के उतरते ही कुछ ही मिनटों में बस में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह जलने लगी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सामान्य कराया। थानाध्यक्ष पवई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *