Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : सोते रह गए बच्चे को बिना जांच ताला लगाकर चले गए थे शिक्षक, बीएसए ने किया निलंबित

1 min read

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कक्षा 3 का एक छात्र स्कूल के भीतर ही बंद रह गया। इस मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापक श्रीकांत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, घटना 13 अप्रैल की है। दादर गांव निवासी कक्षा 3 का छात्र हिमांशु राजभर स्कूल में पढ़ाई के दौरान सो गया था। छुट्टी के समय शिक्षक और कर्मचारी बिना कक्षाओं की जांच किए ही स्कूल में ताला बंद कर घर चले गए, जिससे छात्र कक्षा के अंदर ही बंद रह गया। उधर, काफी देर तक घर न पहुंचने पर बच्चे की मां फूला देवी चिंतित हो उठीं। उन्होंने गांव के अन्य बच्चों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद जब वह स्कूल पहुंचीं तो अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्राम प्रधान की मदद से स्कूल का ताला खुलवाया गया, तब जाकर हिमांशु को बाहर निकाला गया। उस समय बच्चा डरा-सहमा होने के साथ ही भूख-प्यास से परेशान था। घटना की जानकारी मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच में सहायक अध्यापक श्रीकांत सिंह की लापरवाही स्पष्ट पाई गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *