यूपी पंचायत चुनाव 2026: फिर बढ़ गई मतदाता सूची की तारीख, अब 10 जून को प्रकाशित होगी अंतिम लिस्ट; पढ़ें अपडेट
1 min read
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख एक बार फिर बढ़ गई है। अब अंतिम सूची 10 जून को प्रकाशित की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी जानकारी दी है। ये पांचवीं बार है जब मतदाता सूची प्रकाशन की तारीख बढ़ाई गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण और डुप्लीकेशन से जुड़ा काम किया जाएगा। 29 मई से 9 जून तक मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों का क्रमांकन और फोटो प्रतियां तैयार करने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद 10 जून को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। मालूम हो कि सबसे पहले इस सूची का प्रकाशन 15 जनवरी को होना था। उसके बाद इसमें लगातार तारीखें बढ़ती गईं। 15 जनवरी के बाद इसकी तारीख 6 फरवरी, फिर 28 मार्च, फिर 15 अप्रैल और आखिर में 22 अप्रैल तय की गई थी। तमाम कार्य अभी भी बाकी रह गए हैं, इसलिए पांचवीं बार प्रकाशन की तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
40.69 लाख बढ़े थे मतदाता
मालूम हो कि 23 दिसंबर 2025 में आयोग ने पुनरीक्षण की अंतिम सूची जारी की थी। अनंतिम सूची में 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 40.19 लाख अधिक हैं। आयोग ने इस पर दावे और आपत्तियां मांगे थे। प्रदेश भर से लाखों आपत्तियां मिलीं। दावे और आपत्तियों पर आयोग ने सुनवाई पूरी की। अब अन्य कार्य चल रहा है। अब जब अंतिम सूची जारी होगी तब मतदाताओं की वास्तविक बढ़ोतरी की संख्या व कुल मतदाताओं का पता चलेगा।
