आज़मगढ़ : निर्माणाधीन मकान में मिला बुजुर्ग का सड़ा-गला शव
1 min read
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के एलवल पुलिस चौकी अंतर्गत सेंट जेवियर स्कूल के सामने बंधे के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान त्रिलोकीनाथ वर्मा (75) पुत्र लालजी वर्मा के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 30 वर्षों से एलवल क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि त्रिलोकीनाथ वर्मा ने हाल ही में जमीन खरीदकर अपना मकान बनवाना शुरू किया था। उसी निर्माणाधीन मकान के भीतर उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार, वह करीब तीन दिन पहले घर से किसी बात को लेकर नाराज होकर निकले थे, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शहर कोतवाल यजुवेंद पांडे के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक ने मकान के अंदर फांसी लगाई थी, लेकिन रस्सी टूट जाने के कारण शव नीचे गिर गया। शव की स्थिति को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना दो से तीन दिन पहले की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
