आजमगढ़ : वाहन साइड को लेकर विवाद में चाकूबाजी, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग पुलिस संरक्षण में
1 min read
जातिसूचक गाली-गलौज के बाद युवक पर जानलेवा हमला, घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में वाहन साइड करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए दो नाबालिग अपचारियों को संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को टेकनगाढ़ा गांव निवासी अजीत कुमार के साथ ओझौली पुल के पास नकूल जायसवाल की दुकान के सामने वाहन साइड करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और विरोध करने पर एक राय होकर अजीत कुमार के पेट में चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में थाना मुबारकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 19 अप्रैल को पुलिस टीम ने दरियाबाद पुल के पास से मुख्य आरोपी सोनू निषाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग अपचारियों को भी विधिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित मुबारकपुर थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
