आजमगढ़ में “ऑपरेशन दहन” के तहत 864 किलो से अधिक नशीले पदार्थ नष्ट
1 min read
₹7.35 करोड़ कीमत के गांजा, स्मैक, डायजापाम समेत ड्रग्स का विधिसम्मत विनष्टीकरण, कड़ी सुरक्षा में हुई कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत भारी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण किया। न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकारी के आदेश पर जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा यह कार्रवाई संपन्न कराई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम सहित विभिन्न मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। कुल 864.184 किलोग्राम नशीले पदार्थों के साथ लगभग 1000 डायजापाम टैबलेट्स का विधिसम्मत निस्तारण किया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब ₹7,35,55,640 आंकी गई है। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया औद्योगिक इकाई मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्रा. लि., भादो (माहुल, मार्टीनगंज) स्थित इंसीनिरेटर/ब्वायलर के माध्यम से मानक प्रोटोकॉल के तहत पूरी की गई। इस दौरान पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कार्यवाही के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), प्रभारी विशेष मालखाना निस्तारण सेल श्रीप्रकाश मिश्रा, आरक्षी प्रदीप कुमार शाह, आरक्षी मुकेश कुमार गिरी (डीसीआरबी) समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
